देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर शिलाई
सिरमौर, हिमाचल प्रदेश
केंद्रीय हाटी समिति तथा ब्लॉक यूनिट पांवटा, शिलाई और तिलौरधार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पश्मी गांव स्थित चालदा महासू देवता मंदिर में दर्शन किए और महासू देवता के गूर से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पश्मी गांव में हाटी मुद्दे को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में हाटी जनजाति मुद्दे पर माननीय उच्च न्यायालय में चल रही सुनवाई तथा हाल के दिनों में हाटी जनजाति कानून के निरस्त होने को लेकर फैलाई गई कथित झूठी अफवाहों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं निराधार हैं। साथ ही आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हाटी समिति के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों और आम जनता से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर बिना प्रमाणित तथ्यों के कोई भी भ्रामक पोस्ट साझा न करें, क्योंकि इससे हाटी समाज में भ्रम और निराशा का माहौल बनता है। जनता से केवल हाटी समिति के आधिकारिक बयानों पर ही विश्वास करने की अपील की गई।
इससे पूर्व, ग्राम पंचायत कूंठ में बिना माता-पिता के रह रहे तीन लावारिस बच्चों की जानकारी मिलने पर हाटी समिति ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए उन्हें शिलाई बुलाकर गर्म कपड़े प्रदान किए। विजय वर्मा, अजय वर्मा और अरुण वर्मा को ऊनी बनियानें, जैकेट और ट्रैक सूट दिए गए। समिति ने भविष्य में भी इन बच्चों की यथासंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दर्शन उपरांत सभी सदस्यों ने पश्मी मंदिर के भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। हाटी समिति ने मंदिर कमेटी एवं पश्मी ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई उत्तम व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।