अम्ब रेलवे स्टेशन व तहसील अम्ब का नाम विस्तारीकरण कर“अम्बिकानगर–अम्ब” करने की मांग तेज,

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन

जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) की सबसे बड़ी तहसील व उपमंडल अम्ब का राजस्व रिकॉर्ड विस्तारीकरण कर नया नामकरण “अम्बिकानगर–अम्ब” किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। यह मांग पिछले दो दशकों से स्थानीय जनमानस द्वारा उठाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देशभर में समय-समय पर अनेक शहरों, कस्बों और रेलवे स्टेशनों के नामों का पुनः नामकरण व विस्तारीकरण किया गया है। इसी तर्ज पर धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से निरंतर विकसित हो रहे अम्ब का नामकरण भी ऐतिहासिक तथ्यों के अनुरूप अम्बिकानगर–अम्ब किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि रियासतकालीन अभिलेखों के अनुसार अम्ब में स्थित पौराणिक श्री अम्बिका माता मंदिर इस नामकरण की ऐतिहासिक पुष्टि करता है। राजा रघुनाथ सिंह ने पुराने राजमहल राजपुर जसवां से स्थानांतरित होकर श्री अम्बिका माता के सानिध्य में अपनी नई रियासत की स्थापना अम्बिकानगर–अम्ब के रूप में की थी। लोक प्रचलित मान्यताओं के अनुसार आमों की बहुतायत के कारण कालांतर में यह क्षेत्र “आम्र नगरी” से संक्षिप्त होकर अम्ब कहलाने लगा।
वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अम्ब की बढ़ती जनसंख्या, नगर पंचायत के गठन तथा भविष्य में आसपास की पंचायतों के संभावित विलय से नगर परिषद बनने की संभावनाओं को देखते हुए यह मांग और भी प्रासंगिक हो गई है। ऐसे में अम्ब नगर पंचायत द्वारा राजस्व रिकॉर्ड विस्तारीकरण के माध्यम से अम्बिकानगर–अम्ब नामकरण का प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार को अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित भेजे जाने की मांग की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्रवासियों भारत भूषण, गुरदेव सिंह बिट्टू, सरदार काबिल सिंह, प्रतीक कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सतीश कुमार, नितिन शर्मा, रजनीश शास्त्री, रविंद्र कुमार, जीत सिंह, ओंकार सिंह भट्टी, जगदीश कुमार, राजकुमार सहित अन्य लोगों ने चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से भी आग्रह किया है कि अम्ब का नाम विस्तारीकरण कर इसे अम्बिकानगर–अम्ब नामांकित करवाया जाए।
उधर, अम्बिकानगर–अम्ब साहित्य परिषद के अध्यक्ष एवं नामकरण अभियान के संयोजक राजीव शर्मन ने अम्ब रेलवे स्टेशन का नाम भी अम्बिकानगर–अम्ब किए जाने की पुरानी मांग को दोहराया है। उन्होंने केंद्र सरकार, लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर तथा रेलवे प्राधिकरण से अपील की है कि जनभावनाओं के अनुरूप अम्ब रेलवे स्टेशन का नाम तत्काल प्रभाव से अम्बिकानगर–अम्ब किया जाए।
राजीव शर्मन ने कहा कि अम्ब से अम्बिकानगर–अम्ब नामकरण को लेकर किसी भी वर्ग में कोई आपत्ति नहीं है, इसलिए जनहित में इस मांग को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए।