वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राखिल काहलो HPPSC की सदस्य नियुक्त

Share this post

राज्यपाल की स्वीकृति के बाद तत्काल प्रभाव से लागू हुई नियुक्ति

छह वर्षों तक लोक सेवा आयोग में निभाएंगी अहम भूमिका
देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राखिल काहलो को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का सदस्य नियुक्त किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्यपाल की मंजूरी के उपरांत यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
वर्तमान में राखिल काहलो राज्य सरकार में जल शक्ति विभाग की सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अब उन्हें आगामी छह वर्षों के लिए HPPSC सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि वे 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने वाली थीं, किंतु उससे पूर्व ही उन्हें लोक सेवा आयोग में अहम भूमिका दी गई है।
आईएएस 2008 बैच की अधिकारी राखिल काहलो ने अपने सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे मंडी की डिविजनल कमिश्नर, सचिव आयुष विभाग, सचिव डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस, तथा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दे चुकी हैं।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग राज्य में राजपत्रित एवं कुछ अराजपत्रित पदों की भर्ती प्रक्रिया संचालित करता है। ऐसे में HPPSC सदस्य के रूप में राखिल काहलो की भूमिका भर्ती परीक्षाओं के आयोजन, साक्षात्कार प्रक्रिया, चयन एवं भर्ती नियमों की समीक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी।
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि उनके व्यापक अनुभव और बहु-विभागीय कार्यशैली से लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।