देवभूमि न्यूज 24.इन
भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश तथा गेयटी ड्रामेटिक सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में “एक समय की बात” कार्यक्रम के अंतर्गत कहानी वाचन के माध्यम से स्कूली बच्चों एवं बाल आश्रमों में रह रहे बच्चों को सृजनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन पिछले कई सप्ताह से प्रत्येक सप्ताहांत नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों को उनकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जोड़ना तथा रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।इस कार्यक्रम का विस्तार प्रदेश के अन्य जिलों सोलन, ऊना, मंडी आदि में भी किया गया है, ताकि बच्चों में कहानी पढ़ने की रुचि विकसित हो तथा वे अपने समय का सदुपयोग करना सीख सकें। इसी कड़ी में हाल ही में सर्वोदय बाल आश्रम, रॉकवुड शिमला-1 में कहानी वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान आश्रम के 30 से अधिक बच्चों को वरिष्ठ साहित्यकार एवं कहानीकार ओम प्रकाश शर्मा द्वारा “सुरेश” तथा “कालू” नामक दो प्रेरणादायक कहानियाँ सुनाई गईं। दोनों कहानियों ने बच्चों को नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और जीवन के सकारात्मक दृष्टिकोण से परिचित कराया।ओम प्रकाश शर्मा ने बच्चों को कहानी लेखन की बारीकियों से अवगत करवाते हुए उन्हें स्वयं लेखन के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ संवाद करते हुए कहानी की परिभाषा, उसका महत्व तथा जीवन में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट की प्रतिनिधि मीना देवी, केस वर्कर नीला कुमारी चौहान, अन्य कार्यकर्ता, जिला भाषा अधिकारी शिमला सरोजना नरवाल तथा सहायक शिवम ठाकुर भी उपस्थित रहे।