केंद्र सरकार ने हर आपदा में हिमाचल का साथ निभाया, 5800 करोड़ से अधिक की राहत राशि जारी : सुरेश कश्यप

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर आपदा की घड़ी में हिमाचल प्रदेश की भरपूर सहायता की है। अब तक प्रदेश को 5800 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है, जो यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी रही है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार की आभारी है, जिसने आपदा के समय कभी हिमाचल का हाथ नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी।
उन्होंने कहा कि चाहे वर्ष 2023 की भीषण प्राकृतिक आपदा हो या वर्ष 2025 में आई आपदाएं, केंद्र सरकार ने हर बार त्वरित निर्णय लेते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए उदारतापूर्वक सहायता उपलब्ध करवाई है।
सांसद कश्यप ने जानकारी दी कि वर्ष के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के लिए केंद्र सरकार से राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आपदा राहत एवं पुनर्वास के लिए 601.92 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त जारी कर दी है। इस संबंध में ऑफिस मेमोरेंडम भी जारी कर दिया गया है तथा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को यह राशि तुरंत राज्य सरकार के खाते में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह राशि पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (PDNA) के अंतर्गत नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड की रिकवरी एंड रीकंस्ट्रक्शन विंडो से जारी की गई है। कुल 601.92 करोड़ रुपये की यह दूसरी किश्त है। इससे पूर्व केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को 400 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किश्त भी जारी कर चुकी है।