रेज़िडेंट डॉक्टरों की हड़ताल गलत, अहंकार छोड़कर ड्यूटी पर लौटें: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेज़िडेंट डॉक्टरों की हड़ताल को गलत करार दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं डॉक्टरों को आश्वासन दिया था, इसके बावजूद उनका हड़ताल पर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टरों को मुख्यमंत्री की बात पर विश्वास करना चाहिए था।
मुख्यमंत्री ने रेज़िडेंट डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे अहंकार छोड़कर सोमवार से अपनी ड्यूटी पर वापस लौटें। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वह सीनियर डॉक्टरों को अपने सरकारी आवास पर बुलाकर उनसे बातचीत करेंगे और इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेज़िडेंट डॉक्टरों को अपनी हड़ताल तुरंत समाप्त करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार 75 लाख जनता के साथ खड़ी है और सरकार ने किसी का पक्ष नहीं लिया है। सरकार मरीज़ों के साथ भी है और डॉक्टर भी सरकार के परिवार का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब आम लोगों को परेशानी हो रही है, डॉक्टरों का हड़ताल पर रहना उचित नहीं है। इसलिए रेज़िडेंट डॉक्टरों को अपना अहंकार छोड़कर जनता के हित में वापस ड्यूटी पर लौटना चाहिए।