अम्ब टिल्ला–दलोह पंचायत को मेडिकल कॉलेज, सैनिक एवं पुलिस संस्थानों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त स्थल घोषित करने की मांग

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
राजीव शर्मन,ब्यूरो
ऊना (हिमाचल प्रदेश): जिला ऊना की चिंतपूर्णी विधानसभा अंतर्गत अम्ब तहसील उपमंडल का अम्ब टिल्ला–दलोह पंचायत क्षेत्र मेडिकल कॉलेज, सैनिक स्कूल, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, हिमाचल सेना बटालियन एवं हिमाचल पुलिस बटालियन की स्थापना हेतु सर्वाधिक उपयुक्त स्थल है। स्थानीय जनमानस ने सरकार से मांग की है कि इस क्षेत्र में उक्त संस्थानों की स्थापना प्राथमिकता के आधार पर की जाए।

हिमाचल प्रदेश का जिला ऊना शिवालिक–धौलाधार पर्वतमाला का अभिन्न अंग है। अम्ब तहसील उपमंडल क्षेत्र भौगोलिक, सामरिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। अम्ब टिल्ला–दलोह पंचायत कई पंचायतों के गांवों का केंद्रीय क्षेत्र है, किंतु दलोह खड्ड पर पुल के अभाव में यह क्षेत्र आज भी विकास से वंचित है। आज़ादी के बाद से बुनियादी ढांचे की उपेक्षा के कारण यहां से बड़े पैमाने पर पलायन हुआ है। परिणामस्वरूप, दलोह गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होने के बावजूद क्षेत्र का अस्तित्व संकट में है। यदि शीघ्र पुल निर्माण नहीं हुआ तो विद्यालय बंद होने की आशंका भी जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अम्ब टिल्ला–दलोह क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, सैनिक स्कूल, सैनिक/पुलिस बटालियन एवं पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की स्थापना की अपार संभावनाएं हैं। यह क्षेत्र शांत, सुरक्षित है तथा यहां उपलब्ध बंजर एवं पथरीली भूमि कृषि के लिए सीमित उपयोगी होने के कारण ऐसे संस्थानों के लिए उपयुक्त है। अम्ब टिल्ला–दलोह (अम्ब टिल्ला पंचायत) तथा अरणवाल–चाहबाग (लोहारा पंचायत) में सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां सैनिक स्कूल, सैनिक भर्ती कार्यालय, प्रशिक्षण प्रांगण एवं बड़े खुले मैदान विकसित किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सूरी और राजपुर पंचायतों में भी उपयुक्त भूमि चिन्हित की जा सकती है।

स्थानीय निवासियों दिलीप चंद, किशोरी लाल, अरुण कुमार, सतीश कुमार, भगवान दास, ताराचंद, नरेश कुमार, भारत भूषण, रामलोक शर्मा सहित अन्य लोगों ने कहा कि यह मांग पिछले दो दशकों से लंबित है, जिसे अब हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों ने भी जोर देते हुए कहा कि यदि अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय में सैनिक स्कूल एवं सैनिक भर्ती कार्यालय की स्थापना होती है, तो इससे युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरणा और अवसर मिलेगा।

जनता ने आशा व्यक्त की है कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर इस विषय को प्रधानमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे। साथ ही सभी लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों से भी इस मांग की पुरजोर वकालत करने का आग्रह किया गया है। लोगों ने मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी अपेक्षा जताई है कि अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय, जो जिला ऊना का प्रमुख एवं केंद्रीय क्षेत्र है, वहां सैनिक भर्ती कार्यालय तथा अन्य संस्थानों की स्थापना हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

अंत में स्थानीय जनमानस ने मांग की है कि सरकार सर्वप्रथम अम्ब टिल्ला–दलोह गांव को दलोह खड्ड पर अतिरिक्त पुल निर्माण से जोड़ते हुए क्षेत्र का बहुआयामी विकास सुनिश्चित करे, जिससे मेडिकल कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके।