देहरा में दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिक उत्सव में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष श्री जयराम ठाकुर देहरा स्थित दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल, सुनेहत के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समूचे वातावरण को उल्लास और ऊर्जा से भर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और बौद्धिक क्षमता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों में ही देश और प्रदेश का भविष्य निहित है। आज मंच पर दिखाई दे रही प्रतिभाएं आने वाले समय में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती, ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं हैं, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने प्रेरक संबोधन में बच्चों को जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं और मेहनत, अनुशासन, संस्कार तथा आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान करते हुए कहा कि संघर्ष के बिना सफलता संभव नहीं है।
जयराम ठाकुर ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जयराम ठाकुर ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन हेतु सभी को बधाई दी।
कार्यक्रम में जसवां-परागपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर, देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह, विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रवीण राजपूत, प्राचार्य गुंजन परमार, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजीव शर्मा, विश्व चक्षु, मंडल अध्यक्ष अविनाश धीमान सहित विद्यालय परिवार, अभिभावकगण और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके उपरांत नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने देहरा में अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सुशासन की सोच आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और अटल टनल जैसी परियोजनाओं ने हिमाचल प्रदेश की दिशा और पहचान बदल दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जयराम ठाकुर ने देहरा विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त मोर्चा परिचय बैठक में भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जन आकांक्षाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकता है।
नेता प्रतिपक्ष ने पार्टी में नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।