*देवभूमि न्यूज नेटवर्क*
*राज्य ब्यूरो,शिमला*
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार “हिमाचल ऑन सेल” की अपनी नीति से बाज नहीं आ रही है और प्रदेश की कीमती ज़मीन को अपने चहेते कारोबारियों को सौंपने की साज़िश रच रही है।

उन्होंने कहा कि शीतलपुर क्षेत्र में 3485 बीघा ज़मीन पर टाउनशिप के नाम पर बड़ा खेल किया जा रहा है, जिसे हाल ही में कैबिनेट से भी मंज़ूरी दी गई है। यह योजना बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली है। इस ज़मीन की सर्किल रेट के अनुसार कीमत लगभग 754 करोड़ रुपये है, जबकि चंडीगढ़ के नज़दीक होने के कारण इसका वास्तविक बाज़ार मूल्य 5000 करोड़ रुपये से अधिक है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र की जिस ज़मीन और जंगल पर यह टाउनशिप प्रस्तावित है, वह क्षेत्रीय पारिस्थितिकी संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहां छेड़छाड़ करना प्रदेश के पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के मोरनी हिल्स के माहौल जनोट पंचायत में भी 134 बीघा ज़मीन पर टाउनशिप के नाम पर बड़ा खेल खेला जा रहा है। इस ज़मीन को पहले हिमुडा और फिर बड़े बिल्डर्स को सौंपने की तैयारी है।

शीतलपुर में भी प्रशासन द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों पर ज़मीन देने के लिए एनओसी जारी करने का दबाव बनाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आते ही सुक्खू सरकार ने हिमाचल टूरिज्म के होटलों को निजी हाथों में देने की योजना बनाई, मेडिकल डिवाइसेज़ पार्क और अन्य संसाधनों की ज़मीन बेचने का प्रयास किया। पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 112 हेक्टेयर ज़मीन बेच दी गई,

जिसे माननीय न्यायालय ने रोक दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि धारा 118 में बार-बार संशोधन कर चोर दरवाज़े खोले गए और औद्योगिक परियोजनाओं के नाम पर ज़मीन देने का खेल चलता रहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन सुक्खू सरकार की हर योजना में घोटाले की बू साफ दिखाई देती है। सरकार का उद्देश्य विकास नहीं, बल्कि प्रदेश के संसाधनों की लूट और मित्र मंडली को लाभ पहुंचाना है।

नव वर्ष की शुभकामनाएँ
जयराम ठाकुर ने नववर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नया वर्ष प्रदेश और देश के लिए सुख, शांति, समृद्धि और नई संभावनाएँ लेकर आए। उन्होंने कहा कि बीता वर्ष चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन प्रदेश की जनता ने धैर्य, साहस और एकजुटता के साथ हर परिस्थिति का सामना किया। ईश्वर से उन्होंने प्रदेशवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
