सिरमौर की बेटियों ने रचा इतिहास, मेघा कंवर बनीं HAS टॉपरSDM का कार्यभार संभालेंगी मेघा,

Share this post

शीतल कन्याल जिला नियंत्रक अधिकारी व मैत्री भारद्वाज बनेंगी तहसीलदार

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर – नाहन
सिरमौर, हिमाचल प्रदेश

सिरमौर जिला की तीन होनहार बेटियों ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HAS) परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

विशेष उपलब्धि यह रही कि राजगढ़ क्षेत्र के पझौता गांव की बेटी मेघा कंवर ने पूरे प्रदेश में टॉप कर प्रथम स्थान हासिल किया है।


इस परीक्षा में सफल अन्य बेटियों में दुर्गम गिरिपार क्षेत्र की शीतल कन्याल और धारटीधार क्षेत्र की मैत्री भारद्वाज शामिल हैं। चयन के बाद मेघा कंवर SDM के रूप में सेवाएं देंगी, शीतल कन्याल का चयन जिला नियंत्रक अधिकारी पद के लिए हुआ है,

जबकि मैत्री भारद्वाज तहसीलदार का कार्यभार संभालेंगी।
मीडिया से बातचीत में मेघा कंवर ने कहा कि इस परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा,

लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने बताया कि वह सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्र पझौता गांव से ताल्लुक रखती हैं और अधिकतर तैयारी सेल्फ स्टडी के माध्यम से की।


मेघा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी निरंतर व ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया।


वहीं शीतल कन्याल ने बताया कि HAS परीक्षा में यह उनका चौथा प्रयास था। इससे पहले तीन बार असफल होने के बावजूद माता-पिता ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और विश्वास बनाए रखा। शीतल ने कहा कि आज माता-पिता की उम्मीदों पर खरा उतरकर उन्हें अपार खुशी महसूस हो रही है।


मैत्री भारद्वाज की सफलता को भी क्षेत्र में प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जा रहा है। तीनों बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे सिरमौर जिले में खुशी की लहर है और ये युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए एक मिसाल बनकर उभरी हैं।