*देवभूमि न्यूज नेटवर्क*
*ब्यूरो शिमला*
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नववर्ष 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों को सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दी हैं।

नववर्ष पर प्राप्त शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से मिले अपार स्नेह, शुभकामनाओं और आत्मीय संदेशों ने उन्हें गहराई से भावुक और अभिभूत किया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों द्वारा अपनत्व, विश्वास और प्रेम के साथ भेजे गए शुभकामना संदेश उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं।

उन्होंने हृदय की गहराइयों से सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नववर्ष के ये शुभकामना संदेश केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की एकजुटता, सकारात्मक सोच और उज्ज्वल भविष्य की सामूहिक कामना के प्रतीक हैं।

उन्होंने कामना की कि नववर्ष 2026 सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।

इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को भी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

