देवभूमि न्यूज नेटवर्क
ब्यूरो,उपमंडल,पोंटा साहिब
सिरमौर, हिमाचल प्रदेश
सिरमौर जिले में बढ़ते प्रदूषण और अवैध खनन को लेकर जाने-माने समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथू राम चौहान ने उद्योग मंत्री पर करारा प्रहार किया है।

आज लोक निर्माण विश्राम गृह, पोंटा साहिब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री की कृपा से आज सिरमौर में सांस लेना तक जानलेवा हो गया है।

नाथू राम चौहान ने कहा कि जिले में फैक्ट्रियों से निकलता जहरीला धुआं और बेलगाम अवैध खनन पर्यावरण को तबाह कर रहे हैं।

हालात यह हैं कि अधिकारी पूरी तरह लाचार नजर आ रहे हैं। उद्योगपतियों और खनन कारोबारियों की उद्योग मंत्री तक सीधी पहुंच के कारण अवैध खनन और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग दिन-रात फल-फूल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब केवल मैदानी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पहाड़ी इलाकों में भी हवा सांस लेने लायक नहीं बची है। यदि यही स्थिति रही तो वह दिन दूर नहीं जब लोगों को अपने घरों के भीतर भी मास्क लगाकर रहना पड़ेगा।

आम आदमी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और शासन-प्रशासन अनजाने में लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की ओर धकेल रहा है।

चौहान ने निराशा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उद्योग मंत्री उनके क्षेत्र से हैं, तो जनता को कुछ लाभ मिलेगा, लेकिन यहां तो उल्टा ही हो रहा है। फायदा केवल उन्हीं उद्योगपतियों और अवैध खनन माफिया को मिल रहा है जो मंत्री के करीबी बताए जाते हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग N.H. 707 का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यहां स्थित मिक्सिंग प्लांट और क्रशर को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) ने करीब दो वर्ष पूर्व बंद किया था, लेकिन कुछ समय बाद वे फिर से बेधड़क चलने लगे। यह किसकी कृपा से हो रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है।

अंत में नाथू राम चौहान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें मजबूरन राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा।