शिमला विंटर कार्निवल के समापन समारोह में बोले राज्यपाल
*देवभूमि न्यूज नेटवर्क*
*ब्यूरो,शिमला*
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला विंटर कार्निवल के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर गहरी चिंता व्यक्त की। नव वर्ष के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने नशे के खिलाफ एकजुट, सतत और सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि हर नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने प्रदेशवासियों से एक स्वस्थ और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह में लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उपस्थित रहीं।
राज्यपाल ने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और अतिथि सत्कार परंपरा का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।

उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने कार्निवल के तीसरे संस्करण को विशेष रूप से यादगार बना दिया।

उन्होंने शिमला नगर निगम और आयोजन समिति को सांस्कृतिक उत्सव को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के लिए बधाई दी और कहा कि यह आयोजन अब शिमला शहर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की सशक्त सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।

राज्यपाल ने ऐसे आयोजनों से जुड़ी पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि संतुलित पर्यटन, प्रकृति और परंपराओं की रक्षा तथा सकारात्मक सोच ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।

समारोह से पूर्व शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर को सम्मानित किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर ‘वॉयस ऑफ शिमला सीजन-3’ के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।

प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये — सौरव अत्री
द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये — पूनम पंडित
तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये — सुभाष
उन्होंने शिमला विंटर कार्निवल की स्मारिका का विमोचन भी किया।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध हास्य कलाकार अहसान कुरैशी और बॉलीवुड गायिका हेमा सरदेसाई की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, उप-महापौर उमा कौशल, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, आयुक्त नगर निगम शिमला भूपेंद्र अत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।