शिमला रिज मैदान पर सजेगा हिम एमएसएमई फेस्ट 2026, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

Share this post


देवभूमि न्यूज नेटवर्क
राज्य ब्यूरो,शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला शनिवार से एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 का शुभारंभ 3 जनवरी को ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान विशेष अतिथि होंगे।


यह आयोजन हिमाचल प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को नई पहचान और दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उद्योग विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह फेस्ट प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक क्षमता को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा, जिससे हिमाचल को एक सशक्त MSME राज्य के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।


दोपहर से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
फेस्ट के पहले दिन दोपहर 2 बजे से रिज मैदान पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों की लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला के माध्यम से हिमाचल की आत्मा मंच पर जीवंत होगी।

यह प्रस्तुतियां स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण रहेंगी।
स्टार्टअप अवॉर्ड्स और फैशन शो रहेंगे मुख्य आकर्षण
शाम 4 बजे से 7:40 बजे तक कार्यक्रम का सबसे खास चरण आयोजित होगा। इस दौरान स्टार्टअप अवॉर्ड्स के माध्यम से नवाचारी युवाओं और उभरते उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही आयोजित कल्चरल फैशन शो में हिमाचली परिधानों और डिजाइनों के जरिए ‘मेड इन हिमाचल’ की झलक आधुनिक अंदाज़ में देखने को मिलेगी। यह आयोजन परंपरा और आधुनिक उद्यमिता के संगम का प्रतीक होगा।


स्टार नाइट में गूंजेगा संगीत
शाम को आयोजित होने वाली कल्चरल ईवनिंग में भव्य स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। संगीत, रोशनी और मनोरंजन के इस संगम से रिज मैदान उत्सव स्थल में तब्दील हो जाएगा। पंजाबी गायक गैरी संधू स्टार नाइट के मुख्य आकर्षण होंगे।


भविष्य की नींव रखेगा हिम एमएसएमई फेस्ट
हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है। यह मंच स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, युवाओं को स्टार्टअप के लिए प्रेरित करने और ‘लोकल से ग्लोबल’ की अवधारणा को साकार करने का सशक्त माध्यम बनेगा।


रिज मैदान पर सजा यह आयोजन हिमाचल प्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक संभावनाओं को एक साथ प्रदर्शित करेगा और विकास की नई कहानी लिखेगा जहां हर हुनर को पहचान, हर विचार को मंच और हर सपने को उड़ान मिलेगी।