बाइक–पिकअप की आमने-सामने टक्कर, खड्ड में गिरने से गई जान
*देवभूमि न्यूज नेटवर्क*
*ब्यूरो,उपमंडल शिलाई*
सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल के अंतर्गत रोनहाट के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोनहाट के मोड़ के पास उस समय हुआ, जब बाइक और पिकअप जीप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर सड़क से नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी, जिससे बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नवीन कुमार (30) पुत्र आत्माराम, निवासी कुमली, डाकघर शरली मानपुर, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। नवीन कुमार शिलाई से अपने घर की ओर बाइक पर जा रहा था।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही पिकअप जीप से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सीधे नीचे खड्ड में गिर गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव खड्ड से निकाला
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने रोनहाट पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खड्ड से शव को बाहर निकाला और उसे शिलाई अस्पताल के शव गृह में भिजवाया।
पुलिस के अनुसार रविवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।