*देवभूमि न्यूज 24.इन*
⭕हम लोग ईश्वर से हरदम माँगते ही रहते हैं, और यह मानकर चलते हैं कि ईश्वर तो हमें देगा ही। क्या आपने कभी सोचा है कि, भला क्यों, क्या कारण है कि ईश्वर हमें ही सब कुछ दे। जिस दिन आप इस रहस्य को समझ जाऐंगे, आपकी समस्त मनोकामना ईश्वरीय शक्ति पूरी कर देगी।
🟥ईश्वर से कुछ मांगने से पहले इन बातों का जवाब दीजिए–
क्या आपने कोई पूँजी प्रकृति के पास गिरवी रखवाई है, या कभी किसी प्रकार से किसी की निःस्वार्थ सहायता की है, जिसके एवज में ईश्वरीय शक्ति आपकी हर माँग को पूरा करने के लिए बाध्य हो। आखिर ऐसी क्या विवशता है कि शक्तियां हमारी मदद करे ही।
क्या कभी यह विचार भी आपके मन में आया है कि आप जिससे इतना कुछ माँग रहे हैं, वह आपके मन के हर एक कोने को भली-भांति जानता है कि आप कितने सच्चे हैं, और उस व्यक्ति, वस्तु की आपको वास्तविकता में कितनी जरूरत है।
यदि हमारी मनोकानाऐं अपेक्षानुसार पूरी नहीं होती, तो हमें बड़ा आक्रोश होता है, बुरा लगता है, हम निराश हो जाते हैं। कुछ लोग तो धैर्य खोकर यहां तक कहने लगते हैं कि ‘भगवान, ईश्वर कुछ नहीं होता है’। ध्यान से सोचिएगा कि हर माँ-बाप अपने बच्चों को सबसे अच्छा देना चाहता है, और ईश्वर तो हमारे माँ-बाप के भी पिता हैं, ईश्वर हमारा अहित कभी नहीं कर सकते हैं, हमें उन पर पूरा विश्वास रखना चाहिए।
कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हमारी माँगे गलत होती हैं और ईश्वर जान रहा होता है कि अगर हमारी वह कामना पूरी हो जाए तो हमें गम्भीर नुकसान हो सकता है, इसलिए हमारे लाख बार मांगने पर भी ईश्वर मनोकामना पूर्ण नहीं करते या देर करते हैं, कि निराश होकर, हम अपनी उस माँग को छोड़ दें, या भूल जाएं या फिर उस माँग का औचित्य यानि उचित-अनुचित हमारी समझ में आ जाए। ईश्वर को सब पता है कि हमारे लिए क्या उचित है, क्या अनुचित है और इसलिए उनकी मर्जी को समझना और उसका मान रखना ही हमारा फ़र्ज़ होना चाहिए। ईश्वर हमारी कल्पना से बढ़कर हमारा अच्छा समय आने पर और बेहतर देते हैं, इसलिए कहा जाता है कि उसकी मर्जी को मानने वाले हमेशा सुखी रहते हैं। जितना आप ईश्वर के बन्दों की मदद कर पुण्य बल जमा करेंगे, उसी के अनुसार आपकी शक्तियां मदद करती हैं।
*🚩हरिऊँ🚩*