शिमला में सिटीजन कनेक्ट कार्यक्रम का शुभारंभ: डिजिटल सेवाओं के विस्तार से हिमाचल में नागरिक-केंद्रित शहरी शासन का नया अध्याय

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*
   *राज्य ब्यूरो,शिमला*

शहरी विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा राज्य सरकार की प्रमुख पहल “स्वच्छ शहर–समृद्ध शहर” के अंतर्गत 5 जनवरी 2026 को द पीटरहॉफ, शिमला में सिटीजन कनेक्ट कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य में सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शहरी सेवा वितरण को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक श्री केवल सिंह पठानिया, शिमला के महापौर श्री सुरेंद्र चौहान सहित शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रधान सचिव ने बताया कि सिटीजन कनेक्ट के प्रथम चरण के बाद 2.25 लाख से अधिक नागरिक और 2.50 लाख संपत्ति धारक परिवार सिटीजन सेवा पोर्टल से जुड़ चुके हैं। अब तक 2800 से अधिक व्यापार लाइसेंस जारी किए गए, 3500 नगर निकाय परिसंपत्तियों का पंजीकरण हुआ तथा ₹7.30 करोड़ से अधिक की राजस्व मांग ऑनलाइन प्रणाली से उत्पन्न हुई है। 37 शहरी स्थानीय निकायों में स्थापित समाधान सेल के माध्यम से 6700 से अधिक शिकायतों का 97 प्रतिशत निपटारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी लघु दुकानदार सुख कल्याण योजना, मुख्यमंत्री शहरी डिजिटल पहचान योजना, 15 म्युनिसिपल शेयर्ड सर्विस सेंटर्स (MSSCs), सिटीजन सेवा पोर्टल के फेज-॥ के अंतर्गत 9 नई ऑनलाइन सेवाएं, टॉप-100 कार्यक्रम, बिजनेस डिस्ट्रिक्ट जोन (शिमला व हमीरपुर) तथा शहरी विकास निदेशालय में हाइड्रोलिक लिफ्ट पार्किंग का शुभारंभ किया।

इसके अतिरिक्त HUDCO, CSIR-IICT हैदराबाद, नॉर्वे की SINTEF संस्था और CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के साथ चार महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन भी किए गए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निगमों व नगर परिषदों को सम्मानित किया गया तथा HUDCO द्वारा ₹2.37 करोड़ के CSR चेक भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री श्री सुक्खू ने कहा कि एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शहरी सेवाओं में पारदर्शिता, दक्षता और नागरिक सुविधा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस माह राज्य को केंद्र सरकार से ₹707 करोड़ की निधि मिलने की संभावना है। वहीं, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह ने संतुलित शहरी विकास और नागरिक सहभागिता पर बल दिया।

सिटीजन कनेक्ट कार्यक्रम
हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ, समावेशी और डिजिटल शहरी शासन की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में उभर रहा है।