तीन साल में एक भी पक्की नौकरी नहीं, युवाओं से कांग्रेस ने किया विश्वासघात: डॉ. राजीव बिंदल

Share this post

   *देवभूमि न्यूज 24.इन*

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले युवाओं को गारंटियों और वादों के सब्ज़बाग दिखाने वाली कांग्रेस ने तीन वर्षों में एक भी पक्की सरकारी नौकरी नहीं दी। प्रदेश का युवा आज खुद को ठगा हुआ और अपमानित महसूस कर रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का दावा किया था। युवाओं ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के वचनों पर भरोसा किया और कांग्रेस की सरकार बनी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित अनेक मंत्री बने, लेकिन तीन साल बीतने के बावजूद एक भी युवा को स्थायी सरकारी नौकरी नहीं मिली।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी मंचों से “पहली कैबिनेट में ही नौकरियों का खजाना खुलने” की बातें की गई थीं, लेकिन आज न पहली कैबिनेट का कोई जिक्र है और न ही नौकरियों का कोई अता-पता। युवा आज भी बेरोजगार हैं और हंसी का पात्र बना दिए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवक-युवतियों की भावनाओं से खुला खिलवाड़ किया। पेंशनयुक्त सरकारी नौकरी, आउटसोर्स और ठेका प्रथा खत्म करने जैसे वादे किए गए, लेकिन न केवल नौकरियां नहीं दी गईं बल्कि भर्ती कराने वाला संस्थान ही बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग डेढ़ लाख रिक्त पद समाप्त कर दिए और करीब 10 हजार लोगों को नौकरी से बाहर कर दिया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि युवाओं पर एक के बाद एक फैसले थोपे गए वन मित्र, रोगी मित्र और पशु मित्र जैसी योजनाएं लाई गईं और अप्रेंटिस योजना लागू कर दी गई, जिससे युवाओं का भविष्य और असुरक्षित हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियां भाई-भतीजावाद की भेंट चढ़ गईं और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी खत्म हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि आज बेरोजगार युवा 8 से 10 हजार रुपये की नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन न मुख्यमंत्री, न मंत्री और न ही कांग्रेस विधायकों को युवाओं की कोई चिंता है। वर्षों से लाइब्रेरियों में तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्तियां ही नहीं निकाली जा रहीं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। यही वजह है कि प्रदेश का युवा आज आंदोलित और आक्रोशित है और आने वाले समय में कांग्रेस की सुखविंद्र सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुका है।

सम्मेलन में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप तथा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी भी मौजूद रहे