मनरेगा की खामियों पर केंद्र का बड़ा प्रहार, ‘वी-जी राम जी’ योजना से भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम: सुरेश कश्यप

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*

भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्र सरकार द्वारा रोजगार से जुड़ी योजनाओं में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों का स्वागत करते हुए कहा है कि मनरेगा योजना में वर्षों से चली आ रही गंभीर खामियों और भ्रष्टाचार को समाप्त करने के उद्देश्य से इसे नए और सशक्त स्वरूप में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि अब यह योजना वी-जी राम जी (Viksit Bharat Guarantee for Rozgar & Aatmanirbhar Bharat Aajeevika Mission – Gramin) के नाम से जानी जाएगी, जो ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि मनरेगा के नाम पर लंबे समय से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा था। फर्जी जॉब कार्ड बनाए जा रहे थे, जिन लोगों के नाम कार्डों में दर्ज थे वे कहीं और काम कर रहे होते थे, दिहाड़ी कहीं और लगती थी और भुगतान मनरेगा से लिया जाता था। कई स्थानों पर बिना काम किए ही ठेकेदारों के माध्यम से भुगतान कर दिया गया, जिससे सरकारी धन का भारी दुरुपयोग हुआ।

उन्होंने कहा कि वी-जी राम जी योजना के माध्यम से इन सभी अनियमितताओं और विसंगतियों को दूर करने का ठोस प्रयास किया गया है। इस योजना में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था, पारदर्शी भुगतान प्रणाली और वास्तविक श्रमिकों को सीधे लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि सरकारी धन सही हाथों तक पहुंचे।

भाजपा सांसद ने स्पष्ट किया कि यह केवल योजना का नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में एक मूलभूत और संरचनात्मक सुधार है। इस योजना का उद्देश्य केवल अस्थायी रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण वर्ग के हितों की रक्षा के लिए लगातार ठोस, पारदर्शी और दूरदर्शी फैसले ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वी-जी राम जी योजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी।