हिमाचल में आपदा के बीच सीमेंट महंगा करना अमानवीय, पीड़ितों पर दोहरी मार: जयराम ठाकुर

Share this post

   *देवभूमि न्यूज 24.इन*
    *राज्य ब्यूरो,शिमला*

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर आपदा प्रभावितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश इस समय भीषण आपदा की चपेट में है। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं, जबकि इससे कहीं अधिक लोगों के घर और पशुशालाएं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। ऐसे हालात में सरकार जहां पीड़ितों को पर्याप्त राहत नहीं दे पा रही है, वहीं बार-बार सीमेंट के दाम बढ़ाकर स्वयं घर बनाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रही है।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की गंभीर परिस्थिति में सीमेंट के दाम बढ़ाना आपदा प्रभावितों के साथ सीधी अमानवीयता है। उन्होंने हैरानी जताई कि सीमेंट कंपनियों ने आगे भी कीमतें बढ़ाने का अल्टीमेटम अपने डीलरों को दे रखा है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लोग टूटे-फूटे घरों के पुनर्निर्माण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार के फैसले उनकी परेशानियों को कम करने की बजाय बढ़ाने वाले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी कम कर सीमेंट के दाम घटाने का संवेदनशील और जनहितकारी निर्णय लिया था, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके, लेकिन हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने उस राहत को खत्म करते हुए एडिशनल गुड्स टैक्स लगाकर सीमेंट को फिर महंगा कर दिया।

जयराम ठाकुर ने इस निर्णय को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए कहा कि यह उन लोगों के साथ अन्याय है जिन्होंने प्राकृतिक आपदा में अपना सब कुछ खो दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस समय पीड़ितों को राहत देनी चाहिए, न कि नए-नए कर लगाकर उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना चाहिए।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2023 की त्रासदी के दौरान कांग्रेस सरकार ने डीजल पर वैट बढ़ाकर प्रदेशवासियों को परेशान किया था। इससे साफ है कि सरकार की नीतियों में न तो आपदा पीड़ितों की पीड़ा का कोई अहसास है और न ही उनके पुनर्वास को लेकर कोई गंभीरता।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस समय सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के प्रयास होने चाहिए थे, उस समय सरकार द्वारा कीमतें बढ़ाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा आपदा पीड़ितों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी और कांग्रेस सरकार के हर जनविरोधी फैसले का विरोध करती रहेगी।