मानहानि केस में सांसद कंगना रनौत पेश नहीं हुईं, बठिंडा कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रखे

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
बठिंडा
मानहानि के एक मामले में भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की मंगलवार को बठिंडा की अदालत में पेशी निर्धारित थी, लेकिन वह तय समय पर कोर्ट में उपस्थित नहीं हुईं। उनकी गैरहाजिरी के चलते अदालत ने मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आदेश सुरक्षित रख लिए हैं।
जानकारी के अनुसार यह मामला किसान आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। बठिंडा जिले के गांव बहादुरगढ़ जंडिया निवासी महिला महिंदर कौर ने कंगना रनौत के खिलाफ मानहानि की याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता का आरोप है कि कंगना द्वारा की गई टिप्पणी से उनकी सामाजिक छवि को ठेस पहुंची है।
पेशी को लेकर सुबह से ही अदालत परिसर में हलचल बनी रही। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि, कंगना रनौत के अदालत में पेश न होने के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
अदालत में कंगना रनौत की ओर से उनके वकील उपस्थित हुए और उनकी अनुपस्थिति को लेकर पक्ष रखा। वहीं, याचिकाकर्ता पक्ष ने सांसद की लगातार गैरहाजिरी पर आपत्ति जताते हुए अदालत से सख्त रुख अपनाने की मांग की। अदालत अब अगली सुनवाई की तारीख तय करेगी, जिस पर आगे की कानूनी प्रक्रिया निर्भर करेगी।
पूरा मामला
यह मामला दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ चले किसान आंदोलन के दौरान शुरू हुआ था। बुजुर्ग महिला महिंदर कौर ने आरोप लगाया है कि कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उनके खिलाफ एक आपत्तिजनक और गलत पोस्ट साझा की थी। कथित पोस्ट में किसान आंदोलन में शामिल महिलाओं को 100-100 रुपये लेकर आने वाली बताया गया था, जिसे याचिकाकर्ता ने मानहानिकारक बताया है।