हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत, 1000 रोगी मित्र होंगे नियुक्त: मुख्यमंत्री सुक्खू

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
राज्य ब्यूरो,शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और अस्पतालों में मरीजों को होने वाली परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से 1000 रोगी मित्र नियुक्त किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इनमें से 500 रोगी मित्र चिकित्सा महाविद्यालयों में तथा 500 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किए जाएंगे। इस योजना का प्रथम चरण पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हमीरपुर जिला से शुरू किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा रोगी मित्रों की कार्यप्रणाली को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार कर ली गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में रोगी मित्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जाएगा।
बुजुर्ग मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने चमियाणा अस्पताल, टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में पायलट आधार पर 70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की सहायता के लिए रोगी मित्र नियुक्त करने के निर्देश दिए। इन प्रमुख संस्थानों में विशेष रोगी मित्र काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जो डीएम और एमसीएच सुपर स्पेशलिस्ट फील्ड में कार्यरत हैं, उन्हें चिकित्सा महाविद्यालयों में नियुक्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी मेडिकल कॉलेजों में उच्च तकनीक युक्त स्टेट-ऑफ-द-आर्ट आईसीयू स्थापित किए जाएंगे।
अस्पतालों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुचारू बनाने के लिए मेडिकल कॉलेजों की विभिन्न ओपीडी में डाटा एंट्री ऑपरेटर भी तैनात किए जाएंगे, जो मरीजों से संबंधित डाटा का सही और त्वरित पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए नवोन्मेषी उपायों और दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य कर रही है, ताकि हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन सके।