सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल के ग्राम ढाड़स में हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन

Share this post

     *कार्तिकेय तोमर*
  *देवभूमि न्यूज 24.इन*
 *शिलाई,सिरमौर(हि.प्र.)* 

सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत बांदली के अंतर्गत ग्राम ढाड़स में हिंदू सम्मेलन का सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रताप साम्याल रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में संघ द्वारा प्रतिपादित पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज को अपने गौरवशाली अतीत के प्रति सजग एवं जागरूक रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन में ग्राम ढाड़स सहित आसपास के गांवों से लगभग 200 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ एकल विद्यालय ढाड़स के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी स्वागत गीत से हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहादुर सिंह शास्त्री ने श्रीमद्भगवद्गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म शाश्वत एवं सार्वकालिक है। उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम्” को सनातन संस्कृति का मूल आधार बताते हुए समाज को इसी भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सम्मेलन में पधारे सभी अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा स्नेहपूर्वक एवं सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। ग्रामवासियों की ओर से स्वयंसेवक तपेन्द्र जी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। कार्यक्रम के समापन पर भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन नारायण जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का सम्मेलन में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
यह हिंदू सम्मेलन सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर जोगिंद्र सिंह,इंद्र सिंह,बच्चन सिंह,दीवान सिंह, रतन सिंह, दीपो देवी,तारा देवी,निशा देवी,गुलाबी देवी,मेंहदी देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे
इससे पूर्व ग्रामवासियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का जोरदार स्वागत किया तथा आगे भी इस तरह के कार्यक्रम गांव में करवाने का आग्रह किया