देवभूमि न्यूज 24.इन
राज्य ब्यूरो,शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर इस योजना को कमजोर करने के प्रयासों के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ चलाएगी। यह अभियान 10 जनवरी से शुरू होगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त जिला अध्यक्षों की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए विनय कुमार ने अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया।
विनय कुमार ने बताया कि
10 जनवरी को प्रत्येक जिले में जिला अध्यक्षों द्वारा प्रेसवार्ता की जाएगी, जिसमें संबंधित जिले के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहेंगे।
11 जनवरी को प्रमुख स्थलों एवं राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाओं के समक्ष एक दिवसीय सांकेतिक उपवास रखा जाएगा।
12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा।
31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरने होंगे।
7 से 15 फरवरी के बीच राज्य स्तरीय धरना आयोजित किया जाएगा।
16 से 25 फरवरी तक क्षेत्रीय स्तर पर एआईसीसी की रैलियां होंगी।
बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल एआईसीसी सदस्य व प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस गरीबों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर इसकी मूल भावना को समाप्त कर दिया है। प्रदेश सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी ने अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का आह्वान किया।
बैठक में मंडी से चंपा ठाकुर, कांगड़ा से अनुराग शर्मा, हमीरपुर से सुमन भारती शर्मा, लाहौल-स्पीति से दोरजे अंगरुप, कुल्लू से सेस राम आजाद, चंबा से सुरजीत कुमार भरमौरी, सिरमौर से आनंद परमार, सोलन से सुभाष चंद वर्माणी, शिमला शहरी से इंदरजीत सिंह, बिलासपुर से अंजना धीमान और ऊना से जिला अध्यक्ष देशराज गौतम उपस्थित रहे।
लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए आगे आएं युवा : विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने वीरवार को राजीव भवन में युवा प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। इंटरनेशनल लीडरशिप टूर पर आए युवाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी ने कहा कि कांग्रेस निजीकरण के खिलाफ नहीं है, लेकिन देश की संपत्तियों को चुनिंदा लोगों को जल्दबाजी में सौंपने का विरोध करती है। युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए समान अधिकारों को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।