देवभूमि न्यूज 24.इन
हरिपुरधार (सिरमौर)
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल अंतर्गत हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस (जीत कोच) हरिपुरधार बाजार से लगभग 100 से 200 मीटर आगे अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 35 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जब बस अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में उस समय लगभग 40 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से हरिपुरधार, संगड़ाह और नाहन अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को शिमला और सोलन रेफर करने की तैयारी की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, सांसद सुरेश कश्यप, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर तथा केंद्रीय हाटी समिति के महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।