सड़क बहाली को लेकर सैंज व्यापार मंडल का फूटा गुस्सा, PWD के SDO व JE का किया घेराव

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*
         सैंज/लारजी

उप मंडल लारजी से जुड़े लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली से नाराज सैंज व्यापार मंडल के सदस्यों ने शुक्रवार को विभाग के एसडीओ और जेई का जमकर घेराव किया। सड़क बहाली और लंबे समय से लंबित कार्यों को लेकर व्यापारियों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा।
व्यापार मंडल सैंज के अध्यक्ष झावे राम ठाकुर ने कहा कि बार-बार शिकायतें और ज्ञापन सौंपने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसका सीधा असर सैंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों के कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैंज बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले छह महीनों से बंद व बदहाल पड़ी है, जबकि लोक निर्माण विभाग कुंभकरण की नींद में सोया हुआ है।
घेराव के दौरान व्यापारियों ने एसडीओ व जेई को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत और बहाली का कार्य पूरा नहीं हुआ, तो व्यापार मंडल लारजी स्थित उप मंडल कार्यालय का घेराव करेगा। जरूरत पड़ने पर बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटने की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि विभाग एक दिन काम शुरू करता है, फिर कई दिनों तक कार्य बंद रहता है। व्यापारियों का आरोप है कि जब सड़क मरम्मत के लिए धन स्वीकृत हो चुका है, तो टेंडर प्रक्रिया और कार्य आरंभ करने में इतनी देरी समझ से परे है।
स्थानीय व्यापारियों और आम जनता का कहना है कि खराब सड़क के कारण न केवल कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। बाजार आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल सैंज व स्थानीय लोगों ने दो टूक कहा है कि यदि तय समयसीमा में सड़क को पूरी तरह बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की होगी। फिलहाल सैंज क्षेत्र में माहौल गरमाया हुआ है और सभी की निगाहें विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।