देवभूमि न्यूज 24.इन
शिमला/राजगढ़
प्रदेश हाटी विकास मंच (पंजीकृत) द्वारा सोलन, राजगढ़, नौहराधार, हरिपुरधार, रोनहाट एवं मीनस को जोड़ने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग घोषित करने की मांग अब संवैधानिक प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार के समक्ष औपचारिक रूप से उठाई जा चुकी है।
इस संबंध में मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, एडवोकेट वी. एन. भारद्वाज सहित अन्य प्रतिनिधियों ने 10 अप्रैल 2025 को माननीय राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश को एक विस्तृत मांग-पत्र व्यक्तिगत रूप से सौंपा। मांग-पत्र में अवगत करवाया गया कि उक्त सड़क का निर्माण वर्ष 1958 से 1962 के बीच हुआ था, लेकिन इसके बाद आज तक इसकी चौड़ाई व आधारभूत संरचना में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया।
वर्तमान में यह सड़क अत्यंत संकरी, जर्जर और दुर्घटना संभावित बनी हुई है। क्षेत्रवासियों को प्रतिदिन जान-माल के जोखिम के साथ यात्रा करनी पड़ती है। इस मार्ग पर वर्ष भर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
मंच ने राज्यपाल को अवगत कराया कि यह सड़क सिरमौर, सोलन और शिमला जिलों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य और चंडीगढ़ की ओर जाने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है। सामरिक, सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक दृष्टि से यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यदि इस सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग का दर्जा प्रदान किया जाता है, तो गिरिपार एवं ट्रांस-गिरि क्षेत्र में सड़क आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ विकास होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
माननीय राज्यपाल महोदय ने विषय की गंभीरता को देखते हुए इसे प्रधानमंत्री कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए। इसके क्रम में 19 अप्रैल 2025 को यह मामला औपचारिक पत्राचार के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली भेज दिया गया है।
प्रदेश हाटी विकास मंच ने स्पष्ट किया कि यह विषय अब केवल एक मांग नहीं, बल्कि राज्यपाल के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष विधिवत रूप से प्रस्तुत किया जा चुका है। मंच इस जनहितकारी मांग को लेकर निरंतर प्रयासरत रहेगा और क्षेत्र की जनता की आवाज को हर उचित मंच पर मजबूती से उठाता रहेगा।
मंच को पूर्ण विश्वास है कि माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार क्षेत्र की जनभावनाओं को समझते हुए सोलन–राजगढ़–नौहराधार–हरिपुरधार–रोनहाट–मीनस सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग घोषित करने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगी।