पाँवटा साहिब में भाजपा युवा मोर्चा मंडल की बैठक में कांग्रेस सरकार के युवा-विरोधी फैसलों पर साधा निशाना

Share this post

 *देवभूमि न्यूज 24.इन*
उपमंडल ब्यूरो,पाँवटा साहिब 

सिरमौर जिला के भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पाँवटा साहिब की एक महत्वपूर्ण बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, पाँवटा साहिब में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता ने की।
बैठक में पाँवटा साहिब के लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी, भाजपा मंडल पाँवटा साहिब के महामंत्री रोहित चौधरी व तरणजीत गिल, तथा पाँवटा ओबीसी मोर्चा के महामंत्री सुनील चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक से पूर्व हरिपुरधार में हुए दुःखद बस हादसे में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में “1 बूथ 10 यूथ” अभियान के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर समस्त टीम को बधाई दी गई। साथ ही आगामी समय में नव मतदाताओं को संगठन से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्ययोजना तय की गई।
इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा राजस्व विभाग में सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों पर सीधा प्रहार है। चुनावों के दौरान कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने के बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों से मुकरती नजर आ रही है।
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता ने कहा कि प्रदेश का युवा आज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और रोजगार की आस लगाए बैठा है, लेकिन कांग्रेस सरकार नई भर्तियाँ निकालने के बजाय सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुनः नियुक्त कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। यह निर्णय पूरी तरह युवा-विरोधी है, जिसे भाजपा युवा मोर्चा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।
भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी ने कहा कि नई भर्तियों के स्थान पर पुनर्नियुक्तियाँ करना बेरोजगार युवाओं के साथ सरासर अन्याय है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सरकार न तो युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और न ही अपने चुनावी घोषणापत्र पर ईमानदारी से अमल कर रही है। प्रदेश का युवा आज स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।