अम्ब रेलवे स्टेशन पर पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग

Share this post

 *देवभूमि न्यूज 24.इन*
  *राजीव शर्मन, ब्यूरो*

अम्ब (ऊना), हिमाचल प्रदेश

जिला ऊना के अम्ब तहसील उपमंडल स्थित अम्ब रेलवे स्टेशन पर भारत सरकार के तत्कालीन रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने को लेकर स्थानीय क्षेत्रवासियों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय को ज्ञापन भेजा गया है।
स्थानीय लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि अम्ब रेलवे लाइन और अम्ब रेलवे स्टेशन के जन्मदाता स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 22 दिसंबर 1974 को अम्ब में ब्रॉडगेज रेलवे लाइन एवं रेलवे स्टेशन का शिलान्यास तत्कालीन रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र द्वारा किया गया था।
शिलान्यास पट्टिका के गायब होने पर रोष
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि जब अम्ब रेलवे स्टेशन को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया, तो उस दौरान स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र द्वारा किए गए शिलान्यास की उद्घाटन पट्टिका को हटा दिया गया, जो आज तक लापता है। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐतिहासिक तथ्यों और रेलवे स्टेशन की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए अम्ब रेलवे स्टेशन परिसर में स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए थी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की जानकारी मिल सके।
तत्काल प्रतिमा स्थापना की मांग
इस संबंध में स्थानीय नागरिक गुरुदेव सिंह बिट्टू, काबल सिंह, हजारी लाल, सतीश कुमार, महेश कुमार, नरेश कुमार, भारत भूषण, संदीप कुमार, कुलदीप सिंह, देवराज सहित अन्य लोगों ने मांग की है कि पूर्व रेल मंत्री की आदमकद प्रतिमा तत्काल प्रभाव से अम्ब रेलवे स्टेशन पर स्थापित की जाए।
अम्बिकानगर–अम्ब नामकरण का भी मुद्दा उठाया
इस विषय में जानकारी देते हुए अम्बिकानगर–अम्ब नामकरण अभियान समिति के संयोजक राजीव शर्मन ने बताया कि इससे पूर्व इस संबंध में माननीय राष्ट्रपति भारत सरकार को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि अम्ब रेलवे स्टेशन का नाम “अम्बिकानगर–अम्ब” रखने की मांग को लेकर पुनः रेल सचिव, भारत सरकार को भी लोगों की भावनाओं से अवगत करवा दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि केंद्र सरकार ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।