मंडी में निजी बस खाई में गिरी, बुजुर्ग महिला की मौत, कई घायल

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। चरखड़ी के पास ‘चेतन कोच’ नामक एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। जैसे ही बस चरखड़ी के समीप पहुंची, अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।