*देवभूमि न्यूज 24.इन*
*सोलन*
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, हिमाचल प्रांत द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती को समर्पण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश भर में एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद जी की शिक्षाओं एवं उपदेशों को जन-साधारण तक पहुँचाने का निर्णय लिया गया है। विशेष रूप से युवाओं को स्वामी जी द्वारा बताए गए जीवन मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समर्पण दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ सोलन स्थित राजकीय औद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सोलन में आयोजित संगोष्ठी से हुआ। कार्यक्रम में ग्राहक पंचायत के प्रांत अध्यक्ष अनिल वर्मा ने प्रशिक्षुओं, अध्यापकों एवं उपस्थित श्रोताओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में अनिल वर्मा ने कहा कि जिस दौर में भारत गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था और विश्व भारत, सनातन धर्म तथा भारतीय संस्कृति को हीन भावना से देखता था, उसी समय भारत माता के महान सपूत, प्रखर एवं ओजस्वी वक्ता, दार्शनिक, विचारक एवं समाज सुधारक स्वामी विवेकानंद ने 11 सितंबर 1893 को अमेरिका के शिकागो में आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन में अपने ओजस्वी उद्बोधन से संपूर्ण विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया और सनातन धर्म का परचम विश्व भर में फहराया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए हम सभी को स्वामी विवेकानंद जी की शिक्षाओं पर चलने और उनके बताए मार्ग का अनुकरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से स्वामी जी से संबंधित साहित्य के गहन अध्ययन का आह्वान किया।
अनिल वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए गए ध्यान एवं एकाग्रता के प्रयोगों को अपनाकर युवा एवं विद्यार्थी अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। स्वामी जी की आशावादी सोच, राष्ट्रवादी विचारधारा और समाज सुधार की भावना आज भी हमें प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर ग्राहक पंचायत के प्रांत सह-सचिव राजमन सिंह नेगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राज कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान के कार्यकारी प्रधानाचार्य सरदार करम जीत सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।