जयराम ठाकुर ने अग्निकांड स्थल का किया दौरा, सरकार पर साधा निशाना

Share this post

   *देवभूमि न्यूज 24.इन*

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को अर्की में हुए भीषण अग्निकांड के स्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान स्थानीय भाजपा सांसद सुरेश कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा स्थानीय व्यापारियों व आम जनता की समस्याओं को सुना।
स्थानीय भाजपा नेताओं के आग्रह पर जयराम ठाकुर ने उन साहसी युवाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आग की लपटों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और त्वरित राहत कार्य कर कई लोगों की जान बचाई।
इस हृदयविदारक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यह दृश्य अत्यंत भयावह रहा होगा, जब नौ लोग अपने ही घरों में जिंदा जल गए। उन्होंने इसे मानवता को झकझोर देने वाली घटना करार दिया। साथ ही प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रवैये को असंवेदनशील बताया और कहा कि भले ही हादसे का शिकार लोग अन्य राज्यों के मजदूर थे, फिर भी उनके प्रति सरकार की उदासीनता निंदनीय है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि अग्निकांड के समय फायर टेंडर कम क्यों पड़े और समय रहते आग पर काबू क्यों नहीं पाया जा सका, जिससे इतनी बड़ी जनहानि हुई। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को कड़े सुरक्षा मानक तय करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता है।
अग्निकांड के मुद्दे के साथ-साथ जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रहे आंतरिक घमासान पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले दिन से यह कहती आ रही है कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल की भारी कमी है, जो अब सरेआम सामने आ गई है। वर्तमान कैबिनेट की स्थिति को हास्यास्पद बताते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री आपस में ही उलझे हुए हैं और एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं, जिससे स्पष्ट है कि सत्ता की बागडोर ढीली पड़ चुकी है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विभाग में सामने आ रहे घोटालों के आरोपों पर उनकी चुप्पी पर भी सवाल उठाए और पूछा कि क्या गलत करने वाले लोग इतने शक्तिशाली हो गए हैं कि सरकार कार्रवाई करने से डर रही है या फिर सत्ता के शीर्ष स्तर पर मौन सहमति है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल में चल रही वर्चस्व की जंग स्वयं सरकार द्वारा लगाई गई आग है, जिसमें मंत्री एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हैं और मुख्यमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि जब प्रदेश के मंत्री और बड़े नेता आपसी संघर्ष में उलझे रहेंगे, तो जनहित के कार्य और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस को इस प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता का भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष सोलन रत्तन पाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।