केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का घर-घर प्रचार करने का आह्वान, कांग्रेस पर झूठी गारंटियों का आरोप
*देवभूमि न्यूज 24.इन*
*कुल्लू*
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को कुल्लू में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। सम्मेलन स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, प्रभारी बिहारी लाल शर्मा और जिलाध्यक्ष अमित सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जन-हितैषी नीतियों के कारण ही केंद्र में भाजपा तीसरी बार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में लौटी है। इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन आज वही जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि उनकी ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी व जनसेवा के कार्यों को नई दिशा मिलेगी। सम्मेलन का मुख्य फोकस एसआईआर एवं विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (VIBY-GRAM) रहा। इस पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम, झूठ और नकारात्मक प्रचार को तथ्यों के साथ जनता के सामने बेनकाब करें।
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में विकास पूरी तरह ठप है और मंत्री जनसेवा छोड़कर केंद्र से मिलने वाली वित्तीय सहायता के बंटवारे को लेकर आपस में ही उलझे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल ‘बंदरबांट’ तक सीमित है, जहाँ नेताओं को अपने चहेतों के हित साधने की चिंता है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का हर कार्यकर्ता घर-घर जाकर संगठन की एकजुटता और ठोस कार्ययोजना के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के वास्तविक लाभ जनता तक पहुँचाएगा, ताकि कांग्रेस के दुष्प्रचार को जड़ से समाप्त किया जा सके।
मीडिया से बातचीत में सरकार पर कड़े आरोप
मीडिया से रूबरू होते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सरकार का गठन जनता की समस्याएं हल करने के लिए होता है, लेकिन प्रदेश में स्थिति इसके उलट है। आज मंत्री और नौकरशाह आमने-सामने खड़े हैं—मंत्री अधिकारियों को दोषी ठहरा रहे हैं और अधिकारी मंत्रियों की सुनने को तैयार नहीं। यह स्थिति सरकार के इकबाल के पूरी तरह खत्म होने का संकेत है।
मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली अधिकारी घंटों मुख्यमंत्री के पास बैठे रहते हैं और वही पूरी सरकार को चला रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का प्रशासन पर नियंत्रण खत्म हो चुका है और जनहित के कार्य ठप पड़े हैं।
गारंटियों पर तंज, स्थानीय बोली में कटाक्ष
कुल्लू दौरे के दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पर भी तीखा तंज कसा। गारंटियों के मुद्दे पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने स्थानीय बोली में कहा—
“एक होली ता 1500, द्वि होली ता 3000, त्रै होली ता 4500 और अब चौथी होली तक 6000 रुपये हो गए हैं—सुंदर सिंह इसका हिसाब दें।”
साथ ही उन्होंने सुंदर सिंह ठाकुर की मंत्री बनने की इच्छा पर चुटकी लेते हुए कहा कि मंशा बड़ी है, लेकिन मौजूदा हालात देखकर यह संभव नहीं लगता।
इस अवसर पर कुल्लू विधानसभा से 2022 के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अखिलेश कपूर, पूर्व जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा, अरविन्द चंदेल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी दानवेंद्र सिंह, जिला सह-प्रभारी प्रियन्ता शर्मा तथा भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध भी मौजूद रहे।