राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
अम्ब (जिला ऊना)
अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय में सब्जी मंडी, अनाज मंडी, किसान भवन तथा चीनी मिल (शुगर मिल) स्थापित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अम्ब तहसील उपमंडल जिला ऊना का एक महत्वपूर्ण, समग्र रूप से विकासशील एवं जनसंख्या बहुल क्षेत्र है। ऊना के मध्य क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां व्यापारिक गतिविधियों का निरंतर विस्तार हो रहा है।
अम्ब तहसील उपमंडल के अंतर्गत लगभग पांच दर्जन ग्राम पंचायतें आती हैं, जिनके ग्रामीण अम्ब को ही प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में उपयोग करते हैं। क्षेत्र में कृषि उत्पादन प्रचुर मात्रा में होता है, जिसमें फल, सब्जियां और विशेष रूप से गन्ने की बंपर पैदावार शामिल है। बावजूद इसके किसानों और बागवानों को अपनी उपज के विपणन के लिए अन्य क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्थानीय निवासी गुरदेव सिंह, राकेश कुमार, राजकुमार, जीत सिंह, मनजीत सिंह, भारत भूषण, नितिन कुमार, महेन्द्र सिंह और कुलदीप सिंह राणा ने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से मांग की है कि अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय में शीघ्र सब्जी मंडी, अनाज मंडी, शुगर मिल और किसान भवन की स्थापना की जाए। उनका कहना है कि गन्ने की बंपर पैदावार को देखते हुए अम्ब क्षेत्र में शुगर मिल खोलना पूरी तरह से प्रासंगिक और आवश्यक है।
ग्रामीण जनता का यह भी कहना है कि किसान भवन के माध्यम से किसानों-बागवानों को उनकी फसलों का उचित समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और कृषि संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सकता है।
गौरतलब है कि अम्ब उपमंडल के अकरोट गांव में स्थापित कृषि विश्वविद्यालय पिछले लगभग पचास वर्षों से किसानों और बागवानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। ऐसे में यदि अम्ब तहसील मुख्यालय में सब्जी मंडी, अनाज मंडी, शुगर मिल और किसान भवन की स्थापना होती है, तो यह क्षेत्र के किसानों-बागवानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।