चौकी मिरगवाल गांव में पेयजल संकट गहराया, 10–15 दिनों से कई परिवार बूंद-बूंद पानी को तरसे

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई

शिलाई क्षेत्र के गांव चौकी मिरगवाल में पिछले 10 से 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। गांव के कई घरों को पीने के पानी तक के लिए जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल शक्ति विभाग द्वारा पानी का समुचित प्रबंधन न किया जाना इस संकट का मुख्य कारण है।
ग्रामीणों के अनुसार विभाग द्वारा सार्वजनिक नलकों को अब तक बंद नहीं किया गया है, जबकि इसके साथ-साथ निजी जल कनेक्शन भी बड़ी संख्या में जारी कर दिए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप कुछ लोगों द्वारा पेयजल का दुरुपयोग किया जा रहा है और इस पानी का उपयोग खेतों में सिंचाई, सब्जी एवं लहसुन की खेती में किया जा रहा है। इससे गांव के कई घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कुछ परिवारों के पास शौचालय के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें मजबूरी में खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। यह स्थिति स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों दृष्टियों से अत्यंत चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हाल ही में विभाग द्वारा गौशालाओं के लिए अतिरिक्त जल कनेक्शन जारी किए गए, जिनका उपयोग भी कृषि कार्यों में होने लगा। इससे पेयजल की उपलब्धता और अधिक प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक नलकों तथा गौशालाओं को दिए गए अतिरिक्त कनेक्शनों को बंद किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाया जा सके।
इस संबंध में स्थानीय निवासी जगदीश चंद्र, वीरेंद्र कुमार, रणजीत सिंह, सुनील सिंह, विनीता देवी, रक्षा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।