सिरमौर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर समर्पण दिवस कार्यक्रम का समापन, संगोष्ठी का आयोजन

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन,सिरमौर, हिमाचल प्रदेश

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हिमाचल प्रदेश द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी से 19 जनवरी तक समर्पण दिवस के अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद जी की शिक्षाओं और उपदेशों को जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के समापन पर आज सिरमौर जिला के कोलर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राहक पंचायत हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अनिल वर्मा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के साथ साझा किए।
अनिल वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी बाल्यकाल में अन्य बच्चों की तरह चंचल और नटखट थे, लेकिन माता-पिता के संस्कार और गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस के सान्निध्य में ध्यान, साधना और अनुशासित जीवन अपनाकर वे असाधारण प्रतिभा के धनी बने और विश्वविख्यात हुए। उन्होंने बताया कि स्वामी जी बचपन से ही अत्यंत जिज्ञासु प्रवृत्ति के थे और निरंतर नई-नई बातें सीखने की ललक रखते थे, जो प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक गुण है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में स्वामी विवेकानंद के विचार और शिक्षाएँ अत्यंत प्रासंगिक हैं, क्योंकि वर्तमान युवावर्ग नशे की गिरफ्त में फँस रहा है और मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में स्वामी विवेकानंद को आदर्श मानकर उनके बताए मार्ग पर चलना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं शिलाई क्षेत्र के समाजसेवी, ग्राहक पंचायत के प्रांत संगठन मंत्री श्याम सिंह चौहान ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के मूल मंत्र “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक चलते रहो” को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।