श्री मांडव्य नगर के ऐतिहासिक विजय सीनीयर सकैंडरी स्कूल जिला मंडी शहर में स्वामी विवेकानन्द पर भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न

Share this post

राजीव शर्मन, ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
श्री मांडव्य नगर ,छोटी काशी जिला मंडी

राष्ट्रीय युवा प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी के वैचारिक राष्ट्रीय उद्घोष का भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से भावी पीढ़ी हेतु शंखनाद किया गया।स्वामी विवेकानंद के विचारों पर भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन पौराणिक श्री मांडव्य नगर छोटी काशी जिला मंडी शहर के रियासतकालीन ऐतिहासिक राजकीय बिजय सीनीयर सैकंडरी स्कूल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, विचारधारा एवं उनकी आज के वर्तमान परिप्रेक्ष्य की प्रासंगिकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का जबरदस्त शंखनाद किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय चेतना की अलख जगाते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. अनुपमा सिंह, पूर्व प्रोफेसर एवं वाइस-चांसलर, एसपीयू मंडी, प्रांत प्रमुख स्वदेशी शोध संस्थान , स्वदेशी जागरण मंच रहीं। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए कहा कि युवा वर्ग ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। अनुपमा सिंह ने देश की राष्ट्रीय ज्वलंत समसयाओं के निराकरण हेतु विवेकानन्द का एक मात्र सूत्र कि जागो! उठो!व लक्ष्य को साधो को अपनाने का युवा वर्ग से जोरदार आह्वान किया।उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या जय श्री कपूर ने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों की वर्तमान समय में आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
इस भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के जूनियर एवं सीनियर दोनों विंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान निर्धारित किए गए।
कार्यक्रम में पुष्पा ठाकुर एवं निवेदिता आनंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्वदेशी संकल्प की शपथ ग्रहण करवायी गई ।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मबल, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। समापन अवसर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों की मुक्त कंठ से सराहना व आभार व्यक्त किया गया।