राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
अम्ब (ऊना)
अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय के रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग ब्रिज के समीप स्थित राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (हिमफैड) के कृषि खाद व अनाज गोदाम भवन का विस्तारीकरण अब समय की अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। मौजूदा हिमफैड भवन की 500 मीट्रिक टन भंडारण क्षमता वर्तमान जरूरतों के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है, जिससे भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
स्थानीय समाजसेवी राजीव शर्मा ने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ का ध्यान आकर्षित करते हुए भवन के व्यापक विस्तारीकरण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पुराने भवन में अतिरिक्त भंडारण की पर्याप्त सुविधा नहीं है और भविष्य की मांगों को देखते हुए अतिरिक्त निर्माण नितांत आवश्यक हो गया है।
हिमफैड गोदाम परिसर में अनाज और खाद लाने वाले ट्रकों के लिए उपलब्ध स्थान भी कच्चा है, जिससे बरसात व अन्य मौसमों में भारी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने ट्रक आवागमन के लिए परिसर को पक्का करवाने की मांग की है। इसके साथ ही ट्रक चालकों और परिचालकों ने रात्रिकालीन समय में रुकने के दौरान बैठने के लिए बेंच और शैड की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई है।
इतना ही नहीं, गोदाम तक पहुंचने के लिए दिशा सूचक बोर्ड और होर्डिंग न होने के कारण बाहरी वाहन चालकों को भी स्टोर ढूंढने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अम्ब रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज के दोनों ओर दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाने की भी मांग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसानों और आपूर्ति व्यवस्था के हित में हिमफैड स्टोर का विस्तारीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास युद्धस्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।