देवभूमि न्यूज 24.इन
शिमला/दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने दिल्ली स्थित भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई देते हुए उन्हें वर्तमान भारतीय राजनीति का सबसे ऊर्जावान और प्रभावशाली युवा नेतृत्व बताया। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी 2026 को निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना नितिन नबीन के राजनीतिक जीवन की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि मात्र 45 वर्ष की आयु में भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना नितिन नबीन की संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक परिपक्वता और सशक्त नेतृत्व कौशल का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में नितिन नबीन को जेपी नड्डा के साथ पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में प्रभारी के रूप में नितिन नबीन की भूमिका भाजपा की बड़ी चुनावी सफलताओं में निर्णायक रही। इससे पूर्व वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी संगठन को मजबूत कर चुके हैं।
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि नितिन नबीन का विधायी और प्रशासनिक रिकॉर्ड भी अत्यंत प्रभावशाली रहा है। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से 2006 से 2025 तक लगातार पांच बार विधायक चुने गए। बिहार सरकार में उन्होंने सड़क निर्माण मंत्री, नगर विकास एवं आवास मंत्री तथा विधि मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाते हुए बुनियादी ढांचे, शहरी सुधार और कानूनी प्रक्रियाओं में उल्लेखनीय कार्य किए।
उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क का विस्तार, शहरी आवास परियोजनाओं में आधुनिक तकनीक का प्रयोग, पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, तथा आशा और ममता कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में वृद्धि जैसे जनकल्याणकारी निर्णय नितिन नबीन की संवेदनशील और दूरदर्शी कार्यशैली को दर्शाते हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की उनकी क्षमता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भाजपा की ताकत को और सुदृढ़ करेगा।
सुरेश कश्यप ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति मिलेगी।