सेना के राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात गिरिपार के वीर जवान ग्रेनेडियर कपिल का उपचार के दौरान निधन

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई,जिला सिरमौर

शिलाई:भारतीय सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात गिरिपार क्षेत्र के वीर जवान ग्रेनेडियर कपिल का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। वे राष्ट्रीय राइफल्स में अपनी सेवाएं दे रहे थे और इन दिनों अवकाश पर घर आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार 8 जनवरी को उत्तराखंड के सेलाकुई में हुए सड़क हादसे में ग्रेनेडियर कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल सेलाकुई स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां वे तब से उपचाराधीन थे। इस घटना की सूचना उनकी संबंधित बटालियन को भी दे दी गई थी। बुधवार देर रात करीब 2:50 बजे वीर जवान ने अंतिम सांस ली।
ग्रेनेडियर कपिल एक बहादुर और साहसी सैनिक थे। उनके निधन की खबर मिलते ही उनकी सैन्य बटालियन के साथ-साथ पूरे गिरिपार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता पंच राम और माता जयंती देवी गहरे सदमे में हैं। पूरा गांव अपने वीर सपूत को खोने के गम में डूबा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि ग्रेनेडियर कपिल ने 18 सितंबर 2018 को ग्रेनेडियर रेजिमेंट में भर्ती होकर 16वीं बटालियन के अंतर्गत सेवाएं शुरू की थीं और वर्तमान में वे 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन जम्मू-कश्मीर में तैनात थे।
02 जून 1998 को जन्मे ग्रेनेडियर कपिल शिलाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिल्ला के अंतर्गत पटना गांव के निवासी थे। वे पंच राम और जयंती देवी के तीन पुत्रों और तीन पुत्रियों में सबसे बड़े, होनहार और जिम्मेदार संतान थे। माता-पिता शीघ्र ही उनके विवाह की तैयारी कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा–शिलाई ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इतने युवा और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक का असमय जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। देश उनकी बहादुरी, सेवा और समर्पण के लिए सदैव उनका ऋणी रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पटना, डाकघर मिल्लाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर में किया जाएगा।