देवभूमि न्यूज 24.इन
डोडा (जम्मू-कश्मीर)
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को भारतीय सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 सैन्य जवान शहीद हो गए, जबकि 11 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना भादरवाह–चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खानी टॉप के समीप हुई। सेना का वाहन कुल 21 जवानों को लेकर ऊंचाई वाले इलाके में स्थित एक फॉरवर्ड पोस्ट की ओर जा रहा था। पहाड़ी मार्ग पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 10 जवानों के शव बरामद किए।
गंभीर रूप से घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
भारतीय सेना ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। शहीद जवानों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर उनके पैतृक स्थानों तक भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि डोडा और किश्तवाड़ जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें संकरी और अत्यधिक ढलान वाली हैं। भारी एवं बुलेटप्रूफ वाहनों के कारण इन मार्गों पर वाहन संचालन चुनौतीपूर्ण हो जाता है, विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में।