कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन, हिमाचल प्रदेश
नाहन विधानसभा क्षेत्र के बनेठी में 29 जनवरी, 2026 को आयोजित होने वाले ‘‘सरकार गांव के द्वार’’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान ने जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए राजीव सांख्यान ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र की लगभग 11 पंचायतों के लोगों की समस्याओं एवं मांगों का मौके पर ही निराकरण मंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी, साथ ही नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं की सुविधा भी मौके पर ही उपलब्ध करवाई जाएगी।
बैठक में बीएमओ धगेड़ा डॉ. मोनिषा अग्रवाल ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, एक्स-रे सुविधा, आभा आईडी तथा आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जाएंगे।
उपमंडलाधिकारी नाहन ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के दौरान लोक मित्र केंद्र की सेवाएं तथा आधार पंजीकरण/अपडेट कैंप आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
अंत में राजीव सांख्यान ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे 29 जनवरी, 2026 को बनेठी में आयोजित होने वाले ‘‘सरकार गांव के द्वार’’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदेश सरकार द्वारा घर-द्वार पर प्रदान की जा रही सेवाओं का लाभ उठाएं।