शिलाई के एसडीएम जसपाल कपूर को मिला महिला मतदाता लिंग अनुपात में सुधार के लिए राज्यस्तरीय पुरस्कार

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई,सिरमौर(हि.प्र.)

सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) जसपाल कपूर को महिला मतदाता लिंग अनुपात में सराहनीय सुधार के लिए राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा प्रदान किया गया।
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में पिछले चुनावों के दौरान महिला मतदाता लिंग अनुपात मात्र 804 था, जो उस समय देश में सबसे कम आंकड़ों में शामिल था। इस गंभीर स्थिति को चुनौती के रूप में लेते हुए एसडीएम जसपाल कपूर ने फील्ड टीम के सहयोग से पहले इसके कारणों की पहचान की और फिर उन्हें दूर करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की।
उनके नेतृत्व में किए गए सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाता लिंग अनुपात बढ़कर लगभग 840 तक पहुंच गया है। इस असंतुलन को लेकर उस समय चुनाव आयोग भी चिंतित था और स्वयं मुख्य चुनाव आयुक्त ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों व मतदाताओं से संवाद किया था।
एसडीएम जसपाल कपूर ने बताया कि महिला मतदाता भागीदारी बढ़ाने का कार्य अभी भी जारी है और आगामी चुनावों तक इस अनुपात को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
राज्यपाल द्वारा मिला यह सम्मान न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में शिलाई उपमंडल के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी माना जा रहा है।