देवभूमि न्यूज 24.इन
नई दिल्ली
फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए देशभर में 300 करोड़ से ज्यादा ठगी करने वाले इंटर स्टेट सिंडिकेट का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। फर्जी मोबाइल ऐप्स और टेलिग्राम ग्रुप्स के जरिए निवेशकों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर इस ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बिस्वजीत मंडल, आशीष अग्रवाल, राजीव शाह और शुभम शर्मा को गिरफ्तार किया।
लोगों को ऐसे लगाते थे चूना
इनसे 39 फोन, 258 सिम कार्ड, चार लैपटॉप, डेबिट कार्ड, चेक बुक, बैंकिंग और केवाईसी दस्तावेज जब्त किए हैं। करीब 19 लाख रुपये की रकम भी फ्रीज की गई है। डीसीपी (क्राइम) आदित्य गौतम के मुताबिक, यह गिरोह वॉट्सऐप, टेलिग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक ग्रुप्स के जरिए गारंटीड हाई रिटर्न वाले फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग विज्ञापनों से जाल फेंकते थे। पीड़ितों को विभिन्न टेलिग्राम ग्रुप्स में जोड़ा जाता था। फिर फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करा एक फर्जी डैशबोर्ड पर मुनाफा दिखाया जाता था।
पहले छोटी रकम फिर बड़ी रकम निवेश का डालते थे दवाब
शुरुआत में छोटी रकम लौटाकर भरोसा कायम किया जाता था, जिसके बाद बड़ी राशि निवेश कराने के लिए दबाव डाला जाता था। आखिर में टैक्स, फीस या एक्टिवेशन चार्ज के नाम पर अतिरिक्त भुगतान की मांग की जाती थी। इसके बाद रकम को हड़प लिया जाता था। इस गिरोह का ऑपरेशन म्यूल बैंक खातों के जरिए किया जा रहा था, जो फर्जी कंपनियों के नाम पर खोले जाते थे। इनके डेबिट कार्ड, चेक बुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को मुहैया कराते थे।