समाजसेवी महेंद्र सिंह पालसरा आपदा के दौरान सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
ब्यूरो,कुल्लू
हिमाचल प्रदेश

सैंज घाटी की शैंशर कोठी के अंतर्गत आने वाली देऊरीधार पंचायत के तुंघ गांव से संबंध रखने वाले समाजसेवी महेंद्र सिंह पालसरा को आपदा के समय उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर कुल्लू जिला के ढालपुर मैदान स्थित ‘18 करडू की सौह’ कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के माननीय शिक्षा मंत्री श्री रोहित सिंह ठाकुर ने अपने करकमलों से महेंद्र सिंह पालसरा को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान जिला प्रशासन द्वारा आपदा के दौरान उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
महेंद्र सिंह पालसरा, श्री ठाकुर दत्त एवं श्रीमती मथुरा देवी के सुपुत्र हैं। शैंशर घाटी सहित देऊरीधार जैसी पिछड़ी पंचायत से समाजसेवा के क्षेत्र में ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व का उभरना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत महेंद्र सिंह पालसरा ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें अपने कुल देवी-देवताओं के आशीर्वाद, माता-पिता, मामा-मामी के मार्गदर्शन, रिश्तेदारों, सहयोगियों, मित्रों तथा अपने पुत्र राहुल ठाकुर और पुत्री दिव्या ठाकुर के सहयोग से प्राप्त हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी वे इसी समर्पण भाव से देश सेवा और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने वर्तमान उपायुक्त कुल्लू सुश्री तोरुल एस. रवीश एवं समस्त जिला प्रशासन का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।