500 का चालान भरने का मेसेज भेज निकाल लिए 2.50 लाख, साइबर ठगों ने विदेशी मुद्रा में ट्रांजैक्शन कर उलझाया

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
नई दिल्ली

दिल्ली में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ईस्ट दिल्ली के लक्ष्मी नगर में महज 500 रुपये के ट्रैफिक चालान का भुगतान करने का मेसेज कर ठगों ने शख्स को चूना लगा दिया। ठगों ने झांसा देकर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 500 रुपये के बदले करीब 2.50 लाख रुपये उड़ा लिए। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है
पुलिस सूत्र ने बताया, 65 वर्षीय पीड़ित लक्ष्मी नगर इलाके में रहते हैं। 13 जनवरी को उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर एक मेसेज आया, जिसमें 500 रुपये का वाहन चालान बकाया होने की बात कही गई थी। मेसेज के साथ भुगतान के लिए एक लिंक भी दिया गया था। महिला ने वह मेसेज अपने पति को फॉरवर्ड कर दिया। पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक कर अपने HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड के जरिए 500 रुपये का भुगतान करने की कोशिश की तो उनके होश उड़ गए। उनके पास बैंक से 500 रुपये के बजाय 10,350 (सऊदी रियाल) कटने का मेसेज आया। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 2,49,246 रुपये थी।
साइबर अपराधियों ने चालाकी दिखाते हुए इस ट्रांजैक्शन को विदेशी मुद्रा में अंजाम दिया, जिससे ट्रांजैक्शन को ट्रैक करने में देरी हो और पैसा तुरंत विदेशी खातों या वॉलेट में ट्रांसफर किया जा सके। पीड़ित ने फौरन मामले की शिकायत नैशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज की, जिस पर अब केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
साइबर यूनिट में तैनात पुलिस सूत्र का कहना है कि ‘चालान स्कैम’ से आजकल ठग आधिकारिक सरकारी वेबसाइट्स (जैसे e-challan) से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को लिंक भेजते हैं। इनसे बचने के लिए हमेशा echallan.parivahan.gov.in पर जाकर ही चालान चेक करें। अनजान नंबरों (जैसे इस मामले में 7054175790) से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। भुगतान करते समय राशि और करेंसी को ध्यान से पढ़ें।