राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष निगरानीकर्ता बालकृष्ण गोयल ने आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन का किया निरीक्षण

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
कार्तिकेय तोमर
नाहन, जिला सिरमौर।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष निगरानीकर्ता बालकृष्ण गोयल ने आज अपने सिरमौर प्रवास के दौरान कैदियों के मानवाधिकारों की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एक स्वायत्त विधिक संस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य मानवाधिकार उल्लंघनों की जांच करना, सुधार गृहों का निरीक्षण करना तथा समाज में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आयोग देश में मानवाधिकारों का प्रहरी है और किसी भी प्रकार के अधिकार हनन को गंभीरता से लेता है।
बालकृष्ण गोयल ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता है। इसके अतिरिक्त, खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे मामलों में भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। आयोग की सोच है कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो और सभी विभाग मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विशेष निगरानीकर्ता द्वारा जमीनी स्तर पर जाकर नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं का वास्तविक आकलन किया जाता है, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आदर्श केंद्रीय कारागार में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ करने, बिस्तरों की क्षमता बढ़ाने तथा कैदियों को कारागार परिसर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा को भी और प्रभावी बनाने पर बल दिया।
इससे पूर्व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष निगरानीकर्ता ने पच्छाद क्षेत्र के नाली चंदोग आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके उपरांत उन्होंने नाल स्थित आदर्श बाल निकेतन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निकेतन स्टाफ का पुलिस चरित्र सत्यापन, एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध रखने तथा सुरक्षा दीवार निर्माण के आवश्यक निर्देश दिए।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के इस निरीक्षण को जिले में मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संस्थागत सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।