देवभूमि न्यूज 24.इन
वृंदावन/चंडीगढ़।
पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी तथा पूर्व सांसद डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने दावा किया है कि उन्होंने गोमूत्र के नियमित सेवन और आयुर्वेदिक जीवनशैली के जरिए कैंसर को हराया।
हाल ही में वृंदावन प्रवास के दौरान डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की, जिसके बाद वह गौरी गोपाल आश्रम पहुंचीं। यहां आश्रम प्रमुख एवं कथा व्यास अनिरुद्धाचार्य से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी बीमारी और उपचार से जुड़ा अनुभव साझा किया।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कि वह पेशे से डॉक्टर हैं और जब उन्हें कैंसर हुआ था, तब डॉक्टरों की टीम ने उनके बारे में कहा था कि वह सिर्फ चार हफ्तों की मेहमान हैं। इसके बाद उन्होंने आयुर्वेद आधारित आहार अपनाया और नियमित रूप से गोमूत्र का सेवन और उससे स्नान करना शुरू किया।
उन्होंने दावा किया कि इसी जीवनशैली और उपचार पद्धति से उन्हें कैंसर से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा, “चार सप्ताह क्या, आज मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं।”
विशेषज्ञों की राय
चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित चिकित्सा पद्धतियों पर ही आधारित होना चाहिए। किसी भी वैकल्पिक उपचार को अपनाने से पहले मरीजों को योग्य डॉक्टरों की सलाह लेना आवश्यक है।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू का यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।