एक ही गांव में शादी करने पर मचा बवाल, पंचायत ने जोड़े का किया सामाजिक बहिष्कार

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


संगरूर:जिले के गांव रोगला में एक ही गांव के युवक-युवती के विवाह को लेकर विवाद गहरा गया है। बताया जा रहा है कि गांव के युवक ने अपने ही गांव की युवती से शादी कर ली, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, इस विवाह से आहत होकर युवती के माता-पिता की कथित तौर पर मौत हो गई। इसके बाद मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें सख्त फैसला लेते हुए उक्त दंपति को गांव से बाहर निकालने और उनका सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।
पंचायत सदस्यों का कहना है कि करीब तीन महीने पहले ही गांव में एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके तहत गांव के लड़के-लड़कियों के आपसी विवाह पर रोक लगाई गई थी। पंचायत का दावा है कि जोड़े को पहले ही स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई थी कि यदि वे इस नियम का उल्लंघन करेंगे तो उन्हें गांव छोड़ना पड़ेगा।
पंचायत ने प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और उनके फैसले पर ध्यान देने की मांग की है। वहीं पंचायत के इस निर्णय को लेकर गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी चर्चा और बहस तेज हो गई है।