देवभूमि न्यूज 24.इन
देहरादून
उत्तराखंड की पहाड़ी महिलाओं की मेहनत और पारंपरिक उत्पादों से तैयार किया गया विशुद्ध ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ लांचिंग के महज दो वर्षों के भीतर बड़ी सफलता हासिल करने में कामयाब रहा है। ब्रांड ने अब तक साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक (करीब 3.7 करोड़ रुपये) की बिक्री दर्ज की है। जल्द ही इसके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखंड की महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का एक कॉमन ब्रांड है। इसका उद्घाटन दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के बाद से ही ब्रांड की मांग में तेजी देखने को मिली।
बीते दो वर्षों में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों की कुल बिक्री 3.7 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। वर्तमान में ये उत्पाद ऑफलाइन के साथ-साथ जियो मार्ट, अमेजन, ब्लिंकिट, बिग बास्केट और ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट houseofhimalayas.com पर भी उपलब्ध हैं।
फिलहाल इस ब्रांड के अंतर्गत 50 से अधिक उत्पाद शामिल किए गए हैं, जिनमें मिलेट्स बिस्किट, मुन्स्यारी-चकराता-हर्षिल की राजमा, चौलाई, तोर दाल, पहाड़ी लाल चावल, झंगोरा, गहथ, काले भट्ट, चाय, तेल, पर्सनल केयर और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद शामिल हैं। उत्पादों की गुणवत्ता की जांच तीन स्तरों पर की जा रही है।
सरकार स्थानीय मेलों, त्योहारों और सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से इन उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित कर रही है। दिवाली जैसे त्योहारों पर पेश किए गए विशेष गिफ्ट पैक को उपभोक्ताओं ने खूब सराहा।
अब तक 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस ब्रांड से 3,300 से अधिक ग्रामीण महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं, जबकि व्यापक खरीद नेटवर्क के माध्यम से 28,000 से अधिक महिलाओं को अप्रत्यक्ष लाभ मिला है। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद प्रमुख शहरों में 26 आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध हैं, जिनमें जौलीग्रांट एयरपोर्ट का एक्सक्लूसिव आउटलेट भी शामिल है।
इसके अलावा प्रतिष्ठित होटल श्रृंखलाओं, यात्रा केंद्रों और चारधाम मार्ग पर 10 फ्लोर-स्टैंडिंग यूनिट्स स्थापित की गई हैं। कंपनी Reliance Freshpik, Flipkart और Zepto के साथ करार की दिशा में प्रयासरत है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश के लिए Amazon Global और Walmart के साथ साझेदारी पर भी काम चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन के अनुरूप हाउस ऑफ हिमालयाज का उद्देश्य हिमालयी उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को मजबूत कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम बाजार में स्थापित करना है। इससे प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति को नई मजबूती मिली है।
संवाददाता